Bihar Urban Development: बिहार के शहरी विकास विभाग का ग्रेटर नोएडा दौरा, औद्योगिक टाउनशिप की जानकारी प्राप्त की
रिपोर्ट: अजीत कुमार
ग्रेटर नोएडा, 6 फरवरी: बिहार सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने यहां प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर औद्योगिक टाउनशिप के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, नीतियों और योजना प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरे का उद्देश्य बिहार में औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने के लिए ग्रेटर नोएडा के अनुभवों और मॉडलों का अध्ययन करना था।
बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार के मार्गदर्शन में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव, महाप्रबंधक वित्त स्वतंत्र गुप्ता, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, ओएसडी नवीन कुमार सिंह और प्रबंधक अरविंद मोहन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जमीन अधिग्रहण, आवंटन प्रक्रिया, मास्टर प्लान, सेक्टर ले-आउट, बिल्डिंग बायलॉज, बसावट, परियोजना और वित्तीय मॉड्यूल समेत ग्रेटर नोएडा में लागू औद्योगिक नीतियों और योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के भूलेख विभाग से जमीन अधिग्रहण की धाराओं और किसानों को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी ली। नियोजन विभाग ने मास्टर प्लान, सेक्टर ले-आउट, बिल्डिंग बायलॉज और बसावट से जुड़ी नियमावली से अवगत कराया। परियोजना विभाग ने ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तारपूर्ण जानकारी दी, जबकि वित्त विभाग ने प्राधिकरण को स्ववित्त पोषित बनाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उद्योग विभाग के प्रबंधक ने औद्योगिक नीतियों, योजनाओं और आवंटन प्रक्रिया की जानकारी साझा की।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण भी किया। उन्होंने टाउनशिप में प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और बिजली-पानी की 24 घंटे उपलब्धता जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल से प्राप्त जानकारी बिहार के शहरी विकास एवं आवास विभाग द्वारा पॉलिसी बनाने और औद्योगिक टाउनशिप तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में बेहद उपयोगी साबित होगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


