Air Hostess Threat: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एयर होस्टेस से मारपीट, तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी; आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक एयर होस्टेस को दिल्ली से नोएडा बुलाकर उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट करने तथा तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में फेज-3 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ करीब 10 दिन पहले पीड़िता के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता मूलरूप से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की रहने वाली है और पिछले करीब तीन वर्षों से दिल्ली में रह रही है। वह एक नामी एयरलाइन कंपनी में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान भविष्य शर्मा नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। युवती के परिजनों को शुरुआत में इस दोस्ती के बारे में जानकारी नहीं थी।
पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि एक सितंबर को भविष्य शर्मा ने उससे मिलने के लिए संपर्क किया। आरोप है कि वह मिलने के बहाने युवती को दिल्ली से नोएडा के सेक्टर-71 क्षेत्र में लेकर आया। यहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवती का आरोप है कि युवक ने उस पर कुछ गलत आरोप लगाए और उसके साथ मनमानी करने का प्रयास किया।
पीड़िता ने जब आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की और डराने के लिए तेजाब डालने की धमकी दी। इसके साथ ही उसे जान से मारने की भी धमकी दी गई। युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने में सफल हुई और वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता ने फेज-3 थाना पुलिस से संपर्क कर शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने जांच और आरोपी की तलाश के बाद रविवार को भविष्य शर्मा को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी भी मूलरूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में काम करता है। गिरफ्तारी के बाद उससे मामले के संबंध में पूछताछ की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।


