Bulandshahr (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के खुर्जा तहसील के गांव डाबर में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मेरठ मंडल सहित चार जिलों की खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने चलती हुई मिलावटी पनीर फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी में 10 क्विंटल यानी 1000 किलो मिलावटी नकली पनीर, 200 किलो नकली मावा, देसी घी और मिल्क क्रीम के साथ 175 टीन रिफाइंड और 38 बोरी मिल्क पाउडर बरामद किया गया।
मेरठ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के एडिशनल कमिश्नर विनीत कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में रिफाइंड और मिल्क पाउडर के मिश्रण से नकली पनीर और मावा बनाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इन फैक्ट्रियों पर पहले भी छापेमारी की जा चुकी है। तब लिए गए नमूने अनसेफ पाए गए थे, जिसके बाद इनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए थे। बड़ा सवाल यह है कि लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद किसकी शह पर इतनी बड़ी फैक्ट्री चल रही थी। फिलहाल विभाग ने बरामद माल को सीज कर जांच शुरू कर दी है।





