Hapur News : हापुड़ के प्रमुख समाजसेवी, उद्योगपति और चंडी मंदिर के अध्यक्ष संजय गुप्ता को समाज के प्रति अतुलनीय योगदान और समर्पण के लिए महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान हापुड़ और पूरे अग्रवाल समाज के लिए गर्व का विषय है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से आगामी 14 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
संजय गुप्ता, जिन्हें हापुड़ में टायर वाले के नाम से भी जाना जाता है, वर्तमान में प्रसिद्ध चंडी मंदिर के अध्यक्ष हैं और पूर्व में हापुड़ नगर पालिका के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके सामाजिक कार्यों, धार्मिक गतिविधियों और व्यापारिक क्षेत्र में गहरी पकड़ है। अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल द्वारा भेजे गए आमंत्रण पत्र में स्पष्ट किया गया है कि उनकी समाज सेवा की भावना और प्रतिबद्धता को देखते हुए सम्मान समिति ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना है। उनका चयन अग्रवाल समाज की प्रतिभा को रेखांकित करता है।
संजय गुप्ता को यह सम्मान 14 नवंबर को नई दिल्ली के जनपथ स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले अग्र अलंकरण समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शिरकत करेंगी और उनके हाथों संजय गुप्ता को यह अवार्ड दिया जाएगा। संगठन का मानना है कि संजय गुप्ता जैसी विभूतियों का सम्मान न केवल उन्हें प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी देश और समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। अग्रवाल संगठन ने कहा कि प्रतिभाशाली विभूतियों का सम्मान अग्रवाल समाज की ताकत और एकता का प्रतीक है।
संजय गुप्ता को महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड दिए जाने की खबर से हापुड़ के अग्रवाल समाज और विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।





