Hapur News : हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के लालपुर गांव में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार रात करीब 10 बजे मावा फैक्ट्री पर छापा मारा। टीम को मौके से करीब 16 कुंतल खोया मिला। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। टीम ने जांच के लिए 4 नमूने भी लिए।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री लालपुर निवासी आकिल की है। टीम ने छापेमारी के दौरान मिले मावे को नष्ट कराया। इसके साथ ही वहां तैयार हो रहे खोये की जांच की और नमूने लिए। चारों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग अभियान चला रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी कारोबारी को मिलावटी खाद्य सामग्री बनाने या बेचने की अनुमति नहीं है। शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर आगे भी छापेमारी की जाएगी।





