Noida Theft Arrest: चोरी कर भागे दो आरोपी नाले में कूदे, स्थानीय लोगों ने पकड़ा
नोएडा। सेक्टर-22 में रहने वाले एक व्यक्ति के घर में घुसकर दो चोरों ने चोरी करनी शुरू कर दी। इसी बीच पीड़ित की पत्नी और बेटा मौके पर आ गए। चोरों ने उनके ऊपर हमला कर दिया और वहां से भाग गए। आसपास के लोगों ने जब उनका पीछा किया तो दोनों नाले में कूद गए। लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ है। सेक्टर-22 में रहने वाले विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि 28 अक्तूबर को वह काम से घर से बाहर गए थे। पत्नी पूनम देवी बच्चों को लेने के लिए स्कूल गई थीं।
जब पूनम देवी स्कूल से बच्चों को लेकर लौटीं तो उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर के दरवाजे पर एक युवक खड़ा है। उनको देखते ही वह वहां से हट गया। जब उनकी पत्नी घर के अंदर गईं तो देखा कि उनके घर के दरवाजे की कुंडी कटी हुई है। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसी बीच उनके घर के अंदर छुपा हुआ एक लड़का तेजी से बाहर की तरफ भागा। उनके बेटे ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उसके ऊपर पेचकस से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।पूनम देवी ने शोर मचाया तो आसपास के रहने वाले विकास, अमित, विनय आदि ने बदमाशों का 200 मीटर तक पीछा किया। कुछ दूर भगाने के बाद बदमाश बड़े नाले में कूद गए। शोर सुनकर काफी लोग मौके पर आ गए तथा नाले में कूदे दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी जेजे कॉलोनी निवासी अनिकेत और अलाउद्दीन के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से 48 हजार रुपये, चांदी के जेवरात, पत्नी का आधार कार्ड आदि बरामद हुआ। पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी ने जब घर में चेक किया तो पता चला कि उनके घर से सोने की अंगूठी, चांदी के करीब 550 ग्राम के जेवरात, नगदी आदि चोरी हुआ है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।





