Senior Citizens Safety Network: बुजुर्गों की हिफाजत के लिए नोएडा में बनेगा पड़ोसियों का रक्षा तंत्र, 10 परिवारों का मॉडल तैयार
नोएडा शहर में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विचारमंथन फोरम ने एक अनोखी सामाजिक पहल की रूपरेखा तैयार की है। सेक्टर-37 में आयोजित फोरम के सोशल एडवाइजरी बोर्ड की विशेष बैठक में अकेले रहने वाले बुजुर्गों और सुपर सीनियर सिटीजन की दैनिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व आईएएस अधिकारी देव दत्त शर्मा ने की, जहां शहर के समग्र विकास के साथ-साथ बुजुर्गों की सुरक्षा, वाई-फाई युक्त पार्क, मजबूत सार्वजनिक परिवहन और सुरक्षा ढांचे से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ।
इस बैठक में सबसे प्रमुख एजेंडा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच तैयार करना रहा। इसके तहत तय किया गया कि प्रत्येक सेक्टर की आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर वरिष्ठ नागरिकों का एक व्यवस्थित डेटाबेस या रजिस्टर बनाया जाएगा, जिसमें उनकी स्वास्थ्य स्थिति, आपातकालीन संपर्क सूत्र और बीमा से जुड़े विवरण दर्ज होंगे ताकि आपात स्थिति में बिना देरी के त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा एकाकीपन और असुरक्षा से निपटने के लिए एक विशेष ‘पड़ोसी नेटवर्क मॉडल’ का सुझाव दिया गया, जिसके तहत अकेले रहने वाले हर बुजुर्ग परिवार को उनके आसपास रहने वाले 10 पड़ोसी परिवारों के संपर्क तंत्र से जोड़ा जाएगा। इससे किसी भी अप्रिय स्थिति, अचानक तबीयत बिगड़ने या सुरक्षा संकट के समय तुरंत मदद मिल सकेगी।
बैठक में घरों में काम करने वाले घरेलू सहायकों, मेड और ड्राइवरों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने पर भी बल दिया गया। इस दौरान पूर्व आईएएस देव दत्त शर्मा ने ‘अपना घर’ और बिहार के सीतामढ़ी में सीता सखी केंद्र निर्माण की रूपरेखा रखी, जबकि समाजसेवी राजेश अरोड़ा ने जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए 100 पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही अन्य सदस्यों ने योग केंद्रों और सुरक्षा ऑडिट में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिया।





