Ludhiana Dowry Assault: थार और बाइक की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा, घटना सीसीटीवी में कैद
पंजाब के लुधियाना से दहेज के लालच और घरेलू हिंसा का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। हैबोवाल थाना क्षेत्र के जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव में आरोप है कि दहेज में महिंद्रा थार और बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर एक पति ने अपनी पत्नी को सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। पूरी घटना कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने और पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगतपुरी पुलिस चौकी में दी शिकायत में पीड़िता ट्विंकल ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2025 में जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव के रहने वाले रितीश शर्मा से हुई थी, जिसमें परिवार ने अपनी हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था। ट्विंकल समराला चौक के पास अपना ब्यूटी सैलून चलाती हैं। उनका आरोप है कि शादी के तीन महीने बाद ही पति ने उनके क्रेडिट कार्ड और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बिना जानकारी के 50 हजार रुपये का पर्सनल लोन ले लिया। इसके बाद पति और ससुराल वालों ने मायके से नई थार खरीदकर देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक जब मायके वालों ने इतनी महंगी गाड़ी देने में असमर्थता जताई, तो रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत हुई। इसके बाद पति ने थार की जगह महंगी बाइक की नई मांग रख दी। नवरात्र के दिनों में इसी बाइक को लेकर रितीश ने घर में उसके साथ मारपीट शुरू की। जान बचाने के लिए जब वह घर से निकलकर पड़ोसियों की तरफ भागी, तो पति ने सड़क पर ही उसे पकड़ लिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि आरोपी पत्नी के बाल पकड़कर उसे सड़क पर पटकता है और उस पर ताबड़तोड़ लातें बरसाता है।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाया और मायके वालों को खबर दी। बहन से मारपीट की जानकारी मिलने पर भाई गौरव और पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में गौरव के सिर में गंभीर चोट आई और अस्पताल में उसके सिर पर कई टांके लगे। पुलिस के अनुसार पीड़िता और उसके भाई की मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) और सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।





