Dehradun : देहरादून में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सोमवार को अपने शासकीय आवास पर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान को लेकर विभिन्न विभागों की बैठक ली। बैठक में आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण, पेयजल निगम, जल संस्थान, पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि पाबों विकासखंड के 29 आपदा प्रभावित परिवारों की क्षति का आंकलन उच्च स्तरीय समिति करेगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रभावितों को आपदा नीति के तहत शीघ्र उचित मुआवजा देने को भी कहा गया है। उन्होंने पाबों में हो रहे भू धंसाव का टीएचडीसी से स्थलीय सर्वेक्षण कराकर ट्रीटमेंट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पुलों और पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309 बुआखाल से बैजरों तक कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र ठीक कर आवाजाही बहाल करने को कहा गया।
बैठक में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को ठीक कर आपूर्ति बहाल करने और भिड़ास्यूडी, विडोलस्यूं और ढिक्वाल गांव पेयजल पम्पिंग योजना को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश चंद्र शर्मा समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





