Noida Dengue Alert: मच्छरों का लार्वा मिलने पर तीन सोसाइटियों को नोटिस, डेंगू के चार नए मरीज मिले
नोएडा। जिले में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। मलेरिया विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मच्छरों का लार्वा मिलने पर दो दिनों के भीतर तीन सोसाइटियों को नोटिस जारी किए हैं। संबंधित सोसाइटियों को लार्वा पनपने वाले स्थानों को तत्काल ठीक करने और जलभराव रोकने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि दोबारा निरीक्षण में लार्वा मिलने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
मंगलवार को मलेरिया विभाग की टीम ने जेपी ग्रींस स्थित कैलिप्सो कोर्ट का निरीक्षण किया। यहां डेंगू का एक मरीज मिलने की पुष्टि के बाद विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान सोसाइटी के बेसमेंट में मच्छरों का लार्वा मिलने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने सोसाइटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसी तरह सेक्टर-107 स्थित हार्टबीट सोसाइटी में भी एक मरीज मिलने के बाद मलेरिया विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां के बेसमेंट में भी मच्छरों का लार्वा पाया गया। इसके बाद सोसाइटी को नोटिस जारी किया गया और उन स्थानों को ठीक करने के लिए कहा गया, जहां पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका है।
इससे एक दिन पहले सेक्टर-76 स्थित सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में भी निरीक्षण के दौरान मच्छरों का लार्वा मिलने पर विभाग ने नोटिस जारी किया था। इस तरह दो दिनों के भीतर तीन आवासीय सोसाइटियां विभाग की कार्रवाई के दायरे में आई हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा के मुताबिक तीनों सोसाइटियों को लार्वा पनपने वाले स्थानों को खत्म करने और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। विभाग की टीम इन स्थानों पर दोबारा निरीक्षण भी कर सकती है। यदि फिर से मच्छरों का लार्वा पाया जाता है तो नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
इस बीच जिले में डेंगू के चार नए मरीजों की पुष्टि हुई है। नए मामले सामने आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 67 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, जिले में अब तक मलेरिया के कुल 41 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से दो मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि अन्य मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। डेंगू और मलेरिया के मामलों को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण कर रही हैं।
मलेरिया विभाग की ओर से आवासीय सोसाइटियों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से उन जगहों की जांच की जा रही है, जहां पानी जमा होने की संभावना अधिक रहती है। निरीक्षण के दौरान जलभराव या मच्छरों का लार्वा मिलने पर संबंधित प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।
विभाग ने सोसाइटी प्रबंधन को बेसमेंट और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। नियमित सफाई और लार्वा पनपने की संभावित जगहों को खत्म करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि डेंगू और मलेरिया के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।





