Hapur News : नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के मामले में समझौता न करने पर पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले गांव की एक युवती के साथ शुऐब नाम के युवक ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। फिलहाल आरोपी जमानत पर बाहर है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि 24 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी बेटी अपने भाई के साथ किसी काम से जा रही थी। रास्ते में आरोपी शुऐब और उसके पिता गुलफाम उर्फ कलवा ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया और समझौता न करने पर पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दी। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शुऐब और उसके पिता गुलफाम उर्फ कलवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


