Uttar Pradesh : शिक्षा भारती की अध्यक्ष स्वाति गर्ग को मिला ‘दिल्ली गौरव अवॉर्ड 2026’

0
2

Hapur News : बालिका शिक्षा, समाज सेवा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षा भारती की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गर्ग को प्रतिष्ठित ‘दिल्ली गौरव अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने प्रदान किया।

सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय, नई दिल्ली के सभागार में संस्कृति युवा संस्था की ओर से किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रीमती स्वाति गर्ग पिछले तीन दशकों से अधिक समय से बालिका शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़ी हुई हैं। शिक्षा भारती के माध्यम से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनजातीय बालिकाओं के लिए छात्रावास, कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सम्मान मिलने के बाद स्वाति गर्ग ने इसे भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि शिक्षा भारती परिवार से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्राओं, अभिभावकों और शुभचिंतकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और विशेष रूप से बालिकाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। शिक्षा के माध्यम से ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाया जा सकता है। स्वाति गर्ग ने कहा कि शिक्षा भारती का उद्देश्य प्रत्येक बालिका को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उसे अपने सपनों को पूरा करने में सक्षम बनाना है।