
Rohtas (मृत्युंजय) : जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित आरा रोड पर हीरा आभूषण भंडार में रविवार दोपहर करीब 12 बजे हथियारबंद चार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश हथियार के बल पर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत फैल गई और व्यापारियों में आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार युवक हेलमेट पहनकर दुकान पर पहुंचे और सीधे अंदर घुस गए। उन्होंने हथियार लहराते हुए दुकान में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद काउंटर में रखे कीमती आभूषण समेटकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।
दुकान संचालक ने बताया कि करीब 12 बजे 20 से 28 वर्ष आयु के चार युवक हेलमेट लगाए हुए दुकान में घुसे। सभी के हाथों में हथियार थे। उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को डराकर करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा जिले में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाजार के बीचों-बीच इतनी बड़ी लूट की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





