
Siwan (मृत्युंजय) : बिहार बंद को लेकर सिवान जिला पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सिवान की सड़कों और गांधी मैदान में प्रदर्शनकारी जुटने लगे हैं। प्रदर्शनकारियों ने जेपी चौक पर पुलिस बैरियर लगाकर सड़क को जाम कर दिया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। वहीं किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
सिवान डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पुरन कुमार झा पूरी व्यवस्था की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस की गश्ती टीम लगातार इलाके में भ्रमण कर रही है ताकि बिहार बंद के दौरान जिले में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम रहे।





