Hapur News : हापुड़ में राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका यानी एफएमडी टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी कविता मीना ने कलक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण टीमों के सचल पशु चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान के तहत जनपद की 273 ग्राम पंचायतों, सभी नगरीय क्षेत्रों और गौशालाओं में लगभग 2.50 लाख गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान 8 सितंबर 2026 तक चलेगा। टीकाकरण का उद्देश्य पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाना है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और दुग्ध सहित अन्य उत्पादों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। संक्रामक रोगों से पशुओं को बचाने के लिए टीकाकरण अत्यंत जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. मिश्रा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में विकासखंडवार 25 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और प्रशिक्षित टीकाकरण कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक टीकाकृत पशु का विवरण भारत सरकार के ‘भारत पशुधन’ ऐप पर अपलोड किया जाएगा, जिससे टीकाकरण की निगरानी और रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन सुनिश्चित हो सकेगा।
अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और निर्धारित तिथियों पर अपने पशुओं का टीकाकरण करवाएं।



