Greater Noida Vehicle Theft Gang: नॉलेज पार्क पुलिस ने बाइक और मोबाइल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया, 11 बाइक बरामद
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क की पुलिस टीम ने एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने और राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस उपायुक्त श्रवण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने नॉलेज पार्क-2 नाले के समीप एक खंडहरनुमा पार्क से इन आरोपियों को घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों की पहचान दीपक उर्फ अजय, अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में से नौ वाहन चालू हालत में हैं, जबकि दो के कटे हुए पुर्जे मिले हैं जिन्हें आरोपी कबाड़ियों को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड की पड़ताल से पता चला है कि पकड़े गए आरोपियों पर दिल्ली के भालस्वा, नोएडा के सूरजपुर और नॉलेज पार्क थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।






पाठकों की राय