उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में पति-पत्नी में विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, शव पंखे से लटका मिला

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार की रात पति-पत्नी के विवाद के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह कमरे में पति का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

पुलिस के अनुसार मूलरूप से जिला बुलंदशहर के गांव बडगांव निवासी कैलाश (35) पिछले कई वर्षों से पत्नी गौरा और सात वर्षीय पुत्री के साथ आदर्शनगर कॉलोनी में रह रहे थे। बृहस्पतिवार की रात किसी बात को लेकर कैलाश का पत्नी से विवाद हो गया। इससे पहले बुधवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी अपनी सात वर्षीय बेटी को साथ लेकर मायके चली गई।

इससे क्षुब्ध होकर कैलाश ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह काफी देर तक कमरा न खुलने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो कैलाश का शव पंखे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने कैलाश की पत्नी को सूचना देकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पति-पत्नी में विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button