राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में घर का छज्जा गिरा, बहन-भाई की मौत

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र के तोरई गांव में गुरुवार की शाम एक मकान के गेट का पक्का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में हाहाकार मच गया। दीपांशु 14 और उसकी चचेरी बहन रितिका 11 घर से करीब 20 मीटर दूर स्थित घेर में पशुओं के लिए चारा काटने जा रहे थे। दोनों बच्चे रोजाना की तरह घेर के मुख्य दरवाजे से अंदर प्रवेश कर रहे थे, तभी अचानक दरवाजे के ऊपर बना भारी-भरकम छज्जा टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा।

हादसे के समय दोनों बच्चे मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। छज्जा गिरने की तेज आवाज और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चों को आनन-फानन में उपचार के लिए अनूपशहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस हादसे ने दो सगे भाइयों के हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। क्षेत्राधिकारी अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।

इस संदर्भ में एसडीएम अनूपशहर प्रियंका गोयल ने बताया कि मामला बेहद दुखद है और प्रशासन के संज्ञान में है। हल्का लेखपाल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से बात की है। नुकसान और हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है, ताकि नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जा सके।

Related Articles

Back to top button