Tennis Academy: शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के टेनिस कोर्ट तैयार होंगे, खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

Tennis Academy: शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के टेनिस कोर्ट तैयार होंगे, खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में खेल सुविधाओं को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्राधिकरण ने यहां स्थित टेनिस कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना तैयार की है। आवश्यकता के अनुसार नए टेनिस कोर्ट भी बनाए जाएंगे और इनके संचालन एवं रखरखाव के लिए विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेनिस कोर्ट के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर इच्छुक एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। चयनित एजेंसी को टेनिस कोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेनिस अकादमी संचालित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार खेल परिसर में केवल टेनिस ही नहीं, बल्कि पैडल पिकलबॉल कोर्ट विकसित करने की भी योजना है। इससे खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को नई खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत कोर्टों का संचालन और रखरखाव पेशेवर तरीके से किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं मिल सकें।

इस योजना का सबसे बड़ा लाभ ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मिलेगा। अभी कई खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। नई टेनिस अकादमी शुरू होने के बाद उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।

प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयनित एजेंसी को खेल सुविधाओं के संचालन से होने वाली आय का एक हिस्सा प्राधिकरण के साथ साझा करना होगा। इससे खेल परिसर के रखरखाव और भविष्य के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर पहले भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुका है। वर्ष 2025 में यहां द्वितीय भारतीय अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप और प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में भारत सहित वियतनाम, हंगरी, ब्राजील, चेक गणराज्य, पाकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका, मालदीव, थाईलैंड, कोरिया, जापान, भूटान, ईरान और कंबोडिया समेत 15 देशों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उस समय प्रतियोगिता के लिए पांच विशेष कोर्ट तैयार किए गए थे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने बताया कि खेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का विशेषज्ञों से मूल्यांकन कराया गया था। मूल्यांकन रिपोर्ट में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा पेशेवर ढंग से संचालित करने की सिफारिश की गई थी। इसी आधार पर चरणबद्ध तरीके से विभिन्न खेल सुविधाओं को उन्नत बनाने की योजना पर काम शुरू किया गया है।

टेनिस के अलावा बैडमिंटन और स्विमिंग पूल सुविधाओं को भी जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विशेष एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। खेल परिसर में पहले से क्रिकेट, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, स्केटिंग, फुटबॉल और स्विमिंग जैसी खेल सुविधाएं मौजूद हैं। हालांकि क्रिकेट स्टेडियम को छोड़कर कई अन्य सुविधाओं को उन्नत करने की आवश्यकता महसूस की गई है।

प्राधिकरण का लक्ष्य खेल परिसर को एक ऐसे खेल केंद्र के रूप में विकसित करना है जहां से ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार किए जा सकें। इसके लिए खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी ने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में उपलब्ध सभी खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। टेनिस कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा और इसके संचालन व रखरखाव के लिए विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी।

 

Hot this week

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...

Lucknow : शिक्षकों के सम्मान में सभी वन प्रभाग लगाएंगे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

Lucknow : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026...

Topics

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img