Uttar Pradesh : बुलंदशहर में राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह दिलेर ने प्राकृतिक कृषि कार्यशाला का शुभारंभ किया, किसानों से अपनाने का किया आह्वान

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में शुक्रवार को प्राकृतिक कृषि कार्यशाला का आयोजन हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूपी सरकार के राज्यमंत्री और प्रभारी मंत्री सुरेंद्र सिंह दिलेर ने किया। राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह दिलेर ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती सिर्फ एक कृषि पद्धति नहीं है, बल्कि यह किसानों की आर्थिक समृद्धि, भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करके किसान कम लागत में अधिक उत्पादन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार उनके लिए अनेकों योजनाएं चला रही है। सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय में वृद्धि करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम में सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह, सदर विधायक प्रदीप चौधरी, डिबाई विधायक सीपी सिंह लोधी, जिलाधिकारी कुमार हर्ष, मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।





