उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Lift Incident: ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में लिफ्ट में फंसे 6 लोग, 20 मिनट बाद निकाले गए बाहर, मेंटिनेंस पर उठे सवाल

Noida Lift Incident: ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में लिफ्ट में फंसे 6 लोग, 20 मिनट बाद निकाले गए बाहर, मेंटिनेंस पर उठे सवाल

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर ईटा-2 की मिग्शन ट्विन्स सोसायटी में लिफ्ट खराब होने से छह लोग करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। काफी देर तक मदद नहीं मिलने के बाद दो युवकों ने प्रयास कर लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद सोसायटी की लिफ्ट व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोसायटी के एक टावर में छह लोग लिफ्ट से ऊपर से नीचे आ रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट बीच रास्ते में अटक गई। लिफ्ट में मौजूद लोगों ने बताया कि उन्होंने काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाई और अलार्म भी बजाया, लेकिन उन्हें समय पर सहायता नहीं मिल सकी।

करीब 20 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहने के बाद वहां मौजूद दो युवकों ने स्थिति को संभाला। दोनों युवकों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद अंदर फंसे सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने लिफ्ट के खराब रखरखाव और मेंटिनेंस व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधाओं की नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना का सामने आया वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लिफ्ट के पास पहुंचकर अंदर फंसे लोगों से बातचीत कर रहा है। इसके बाद कुछ लोग मिलकर लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश करते हैं और काफी प्रयास के बाद लोगों को बाहर निकाला जाता है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाउसिंग सोसायटियों में लिफ्ट खराब होने और लोगों के फंसने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई बार लिफ्ट सुरक्षा और नियमित जांच को लेकर निवासी शिकायत कर चुके हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभागों को ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button