Jeva Airport Bus Service: जेवर एयरपोर्ट के लिए शुरू हुई इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा, ग्रेटर नोएडा को मिली बड़ी सौगात
नोएडा। ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी सुविधा की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से तथा ग्रेटर नोएडा में दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों और गांवों को जोड़ते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के लिए 11 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया गया। प्रदेश स्तर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के तहत कुल 45 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। इनमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों के लिए 11-11 बसें तथा लखनऊ के लिए 12 बसें शामिल हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ये वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी। बसों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के लोगों की लंबे समय से सिटी बस सेवा की मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और तीनों प्राधिकरणों के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के समन्वित प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार हो पाई है। उन्होंने कहा कि बैटरी संचालित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने बताया कि 15 जून से जेवर एयरपोर्ट के लिए प्रत्येक घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों के लिए न्यूनतम किराया 20 रुपये तथा अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। नई बस सेवा के तहत चार प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। रूट नंबर-1 की कुल दूरी 68 किलोमीटर है और इसमें 23 स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। रूट नंबर-2 लगभग 82 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 32 स्टॉपेज शामिल हैं। रूट नंबर-3 की दूरी 55 किलोमीटर है और इसमें 23 स्टॉपेज बनाए गए हैं, जबकि रूट नंबर-4 लगभग 74 किलोमीटर लंबा है और इसमें 27 स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। इन रूटों के माध्यम से चार मूर्ति, परी चौक, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, गलगोटिया विश्वविद्यालय, दनकौर, गौड़ यमुना सिटी, कासना, शारदा अस्पताल, एक्सपो मार्ट, ओमिक्रोन सेक्टर, स्वर्णनगरी, यथार्थ अस्पताल सहित अनेक महत्वपूर्ण स्थानों को सीधे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, पर्यटकों और एयरपोर्ट यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रविकुमार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस.के. सिंह, प्रेरणा सिंह, लक्ष्मी वी.एस., अर्बन सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सनी यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नई इलेक्ट्रिक बस सेवा को ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



