उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में भगवानपुर गंगा घाट पर नहाते समय दो युवक डूबे, एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के नरसेना थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव ढाके वाली मिल्क निवासी दो युवक गंगा में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पुलिस व एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

जानकारी के अनुसार, यशपाल पुत्र चतरू और मनोज पुत्र हरपाल अपने कुछ साथियों के साथ मंगलवार दोपहर भगवानपुर गंगा घाट पर नहाने आए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। साथियों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बुगरासी चौकी प्रभारी नीटू मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गांव के गोताखोरों को बुलाकर गंगा में तलाश अभियान शुरू कराया। कुछ देर बाद एनडीआरएफ की टीम भी बोट व उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।

चौकी प्रभारी नीटू मलिक ने बताया कि दोनों युवक अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव ढाके वाली मिल्क के रहने वाले थे। गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम लगातार शवों की तलाश में जुटी है। गंगा का बहाव तेज होने के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है। देर शाम तक किसी का शव बरामद नहीं हो सका था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी गंगा घाट पर पहुंच गए। दोनों युवकों के डूबने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घाट पर भीड़ को नियंत्रित कर रेस्क्यू में लगी टीमों को सहयोग करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भगवानपुर गंगा घाट पर गहराई और तेज बहाव के बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। न चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही कोई पुलिसकर्मी तैनात रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Related Articles

Back to top button