Uttar Pradesh : हापुड़ में उद्योगपति के घर डकैती का पुलिस ने किया पर्दाफाश, निलंबित सिपाही समेत 5 बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Hapur : हापुड़ में एक उद्योगपति के घर हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना देहात पुलिस की टीम ने बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दो घायल बदमाशों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, दो बाइकें, तमंचे और अन्य सामान बरामद किया है। इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड यूपी पुलिस का निलंबित सिपाही विक्की गौतम निकला है।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि सोमवार की रात गढ़ रोड पर सीएससीआई के सामने रहने वाले उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर पर बदमाशों ने अचानक धावा बोल दिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखे करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। वारदात के तुरंत बाद पुलिस की सात टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई।
देर रात को थाना देहात प्रभारी पारस मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर निकली। जब टीम सुलतानपुर रोड पर पहुंची तो दो बाइकों पर सवार पांच संदिग्ध व्यक्ति तेज रफ्तार से जाते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में मुरादाबाद निवासी रोहित और साहिबे आलाम गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने रोहित, गुड्डू और निलंबित सिपाही विक्की गौतम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, नकदी, घटना में प्रयुक्त दो बाइकें और दो तमंचे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गिरफ्तार बदमाशों में से एक का पिता उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर पर राजमिस्त्री का काम करता था। इस वजह से वह बदमाश अक्सर घर पर आता-जाता रहता था और घर की पूरी जानकारी हासिल कर चुका था। उसी ने इस जानकारी को गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाई और डकैती की योजना बनाई।
निलंबित सिपाही विक्की गौतम मूल रूप से अमरोहा जिले का रहने वाला है। वह सीतापुर जिले में तैनात था, लेकिन वर्ष 2024 में गैरहाजिर हो गया। वर्ष 2025 में मुरादाबाद के दिलारी थाना क्षेत्र के हौंसपुरा पुलिया के पास से पुलिस ने उसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पुरानी करेंसी के साथ गिरफ्तार किया था। जेल में रहते हुए उसकी बदमाशों से दोस्ती हो गई, जिसके बाद उसने इस डकैती की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, विक्की गौतम ने गिरोह को घर की लोकेशन, परिवार की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी डिटेल मुहैया कराई थी।





