Uttar Pradesh : बुलंदशहर में समाजसेवी उषा शर्मा को दी गई श्रद्धांजलि, पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान रहे मौजूद

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के कस्बा स्याना स्थित राज फार्म्स सभागार में शुक्रवार को समाजसेवी उषा शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान विशेष रूप से पहुंचे और उषा शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर भगवान से प्रार्थना की।

पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने संबोधन में कहा कि माता का दर्जा स्वर्ग से भी ऊपर है। उन्होंने वेद श्लोक “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” का उच्चारण करते हुए कहा कि जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं। उन्होंने भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए आत्मा की नश्वरता पर प्रकाश डाला और कहा कि आत्मा अजर, अमर और नित्य है। इसे न शस्त्र काट सकता है, न अग्नि जला सकती है और न वायु सुखा सकती है। कार्यक्रम में गुरुकुल पूठ के प्रबंधक स्वामी अखिलानंद सरस्वती ने कहा कि सभी देवों में माता सबसे बड़ा देव है। आचार्य डॉ शिवकुमार शास्त्री ने माता को सभी गुरुओं से बड़ी गुरु बताया और कहा “माता निर्माता भवति”। आचार्य प्रमोद शास्त्री ने भी माता के महत्व पर अपने विचार रखे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित गणमान्य लोगों ने दिवंगत उषा शर्मा के पुत्र अनिल शर्मा और डॉक्टर कपिल शर्मा को सांत्वना दी और परिजनों का ढांढस बंधाया। क्षेत्र में समाजसेवा के लिए उषा शर्मा के योगदान को सभी ने याद किया। इस मौके पर यथार्थ ग्रुप के चेयरमैन डॉ अजय त्यागी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष बदरुल इस्लाम, नगर पालिका चेयरमैन ऋषिपाल सिंह, विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, शिवकुमार शर्मा, नरेंद्र रस्तोगी, राजन शर्मा, बब्बू चौधरी, सभासद नीरज त्यागी, प्रदीप श्रोत्रीय और साजिद चौधरी आदि मौजूद रहे।





