Uttar Pradesh : हापुड़ में ई-रिक्शा चालक गहने और नकदी से भरा बैग लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Hapur : हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास एक महिला का गहने व नकदी से भरे बैग को ई-रिक्शा चालक ले भागा। महिला ने चालक की आसपास काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। महिला ने पुलिस से मामले की शिकायत की है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला बुलंदशहर के गांव बरौली वासुदेवपुर निवासी मोहसिना ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ शुक्रवार की सुबह पिलखुवा की देहपा पुलिया से ई-रिक्शा में हापुड़ जाने के लिए सवार हुई थीं। चालक ने एक बैग ऊपर और दो बैग उनके पास ई-रिक्शा में रख दिए। हापुड़ पहुंचने पर वह ऑटो का इंतजार करने लगीं। इसी बीच ई-रिक्शा चालक ने उनके दो बैग तो उन्हें लौटा दिए, जबकि उनका एक बैग ई-रिक्शा में ही रह गया। उन्होंने आसपास चालक को काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम महिला का बैग ई-रिक्शा में पिलखुवा या हापुड़ में छूटने की जांच करा रही है। ई-रिक्शा में बैठी महिला सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। रिक्शा नंबर के आधार पर चालक की पहचान भी पुलिस कर रही है।





