Dowry harassment case: दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत पांच पर केस दर्ज
Dowry harassment caseदहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत पांच पर केस दर्ज
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा गांव की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और गर्भवती होने के बाद अत्याचार और बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक वैदपुरा गांव निवासी पीड़िता की शादी करीब एक वर्ष पहले हापुड़ क्षेत्र के गांव बड्डढ़ा निवासी रितिक के साथ हुई थी। पीड़िता के परिवार ने शादी में लगभग 40 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कार और महंगे गहनों की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।
पीड़िता ने बताया कि गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। ससुराल पक्ष के लोग उसे ताने देते थे और अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाते थे। उसने यह बात अपने परिवार को बताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समाज के लोगों की मौजूदगी में दो बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप है कि पंचायत के फैसले को भी ससुराल पक्ष ने मानने से इनकार कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि बाद में उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। उसने कई जगह शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अंततः ईकोटेक-3 कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति रितिक समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।