jevar fire : जेवर के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
jevar fire : जेवर के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
नोएडा। जेवर कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार सुबह एक दो मंजिला कपड़े और जूते के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा शोरूम धुएं और लपटों से घिर गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस के मुताबिक जेवर के मुख्य बाजार में पुराना इलाहाबाद बैंक वाली गली में सचिन मित्तल का दो मंजिला शोरूम है, जिसमें कपड़ों और जूतों का कारोबार किया जाता है। शोरूम के पास ही उनका आवास भी स्थित है। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सचिन मित्तल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग दोनों मंजिलों में फैल चुकी थी। उन्होंने तुरंत फायर विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमकलकर्मियों ने लगातार करीब दो घंटे तक प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद शोरूम के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक कारोबारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
फायर विभाग और पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।