Noida Authority: नोएडा प्राधिकरण होगा पूरी तरह डिजिटल, एक क्लिक पर मिलेगी प्रॉपर्टी की पूरी जानकारी
Noida Authority: नोएडा प्राधिकरण होगा पूरी तरह डिजिटल, एक क्लिक पर मिलेगी प्रॉपर्टी की पूरी जानकारी
Noida में अब प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होने जा रही है। नोएडा प्राधिकरण ने प्रशासनिक कामकाज को तेज, पारदर्शी और आसान बनाने के लिए सभी विभागों को एकीकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रॉपर्टी से जुड़ी हर जानकारी अधिकारियों को मोबाइल और कंप्यूटर पर तुरंत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे फाइलों के ढेर और विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इसके लिए एक नया इंटीग्रेटेड सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। इस सॉफ्टवेयर के जरिए प्राधिकरण के सभी मौजूदा सॉफ्टवेयर और विभागीय डाटा को एक ही प्लेटफॉर्म पर लिंक किया जाएगा। इससे अलग-अलग विभागों में फाइल भेजने और जानकारी जुटाने में लगने वाला समय बचेगा और काम की गति पहले से अधिक तेज हो जाएगी।
नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद यदि कोई आवंटी भवन का नक्शा पास कराता है और बाद में जल, सीवर, बिजली या अन्य विभागों से एनओसी लेने के लिए आवेदन करता है, तो संबंधित अधिकारी को अलग-अलग विभागों से फाइल मंगाने की आवश्यकता नहीं होगी। अधिकारी केवल सिस्टम में प्रॉपर्टी नंबर दर्ज करेंगे और उससे जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर तुरंत दिखाई दे जाएगी।
प्राधिकरण के नए सॉफ्टवेयर में नक्शा स्वीकृति, भुगतान की स्थिति, विभागीय अनुमति, आवेदन प्रक्रिया और एनओसी से संबंधित सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और कामकाज में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। साथ ही रिकॉर्ड तलाशने में लगने वाला समय भी कम होगा।
आईटी सेल को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विभाग अपनी अपडेट और स्वीकृतियां संबंधित प्रॉपर्टी आईडी के साथ ऑनलाइन अपलोड करें, ताकि भविष्य में किसी भी विभाग को जानकारी खोजने में परेशानी न हो। इससे नागरिकों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है और सरकारी प्रक्रिया पहले से अधिक सरल बन सकेगी।
हाल ही में इस नए सॉफ्टवेयर का प्रेजेंटेशन नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के सामने प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति के दौरान कुछ तकनीकी और संचालन संबंधी बदलाव सुझाए गए हैं। अब जरूरी संशोधन के बाद सॉफ्टवेयर को अंतिम रूप देकर जल्द लागू करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पूरी तरह हाईटेक और स्मार्ट बन जाएगी।




