Uttar Pradesh : खिदमत चैरिटी ग्रुप ने हापुड़ में निःशुल्क डेड बॉडी फ्रीज़र जनता को समर्पित किया

Hapur News (शाहरुख़ खान) : हापुड़ नगर के समाजसेवी संगठन खिदमत चैरिटी ग्रुप ने रविवार को मोहल्ला शकर कूई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डेड बॉडी फ्रीज़र नगर की जनता को समर्पित किया। संस्था की इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए राहतभरा कदम बताया। कार्यक्रम में शहर के सामाजिक, धार्मिक और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी, ताकि किसी भी परिवार को परिजन के निधन के बाद शव को दफनाने तक सुरक्षित रखने में परेशानी न हो।

खिदमत चैरिटी ग्रुप के संस्थापक यासीन मलिक ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि अक्सर कई परिवार आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में समय लेते हैं, ऐसे में शव को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी समस्या को देखते हुए संस्था ने जनता के लिए डेड बॉडी फ्रीज़र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा करना है और मानवता की मदद से बढ़कर कोई धर्म नहीं हो सकता।
यासीन मलिक ने संस्था के अन्य सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि खिदमत चैरिटी ग्रुप केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी राहत कार्यों में भाग लेता रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में संस्था द्वारा पंजाब में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी। इसके अलावा संस्था हर वर्ष करीब 100 जरूरतमंद परिवारों को ईद किट वितरित करती है, जिसमें राशन और दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल होती है। गरीब और असहाय लोगों के लिए निःशुल्क इलाज की व्यवस्था कराने में भी संस्था लगातार योगदान दे रही है। जरूरतमंद मरीजों की दवाइयों और उपचार में भी मदद की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान जामा मस्जिद के इमाम कारी आसिम ने डेड बॉडी फ्रीज़र को मस्जिद कमेटी शकर कुई को औपचारिक रूप से सौंपा। इस दौरान उन्होंने समाज में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ कराई। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सामाजिक एकता और इंसानियत के संदेश से सराबोर दिखाई दिया। लोगों ने संस्था की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर मुफ्ती खालिद कासमी, कारी अजीजुर्रहमान, डॉ अकील मलिक, हसरत चौधरी, आदिल कुरैशी, सैय्यद फजलुर्रहमान, इरशाद एडवोकेट, हाजी जमील मलिक, डॉ गुलफाम जहीर, आदिल शाह राशिद कुरेशी, अमजद मलिक, युनुस कुरैशी और इंजार अहमद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





