Petrol Price Hike: पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़े दामों से आम आदमी परेशान, लोगों ने जताई नाराजगी

Petrol Price Hike: पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़े दामों से आम आदमी परेशान, लोगों ने जताई नाराजगी
नोएडा, 15 मई : देशभर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। शुक्रवार सुबह जैसे ही लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचे तो बढ़े हुए दाम देखकर उनकी चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ गईं। पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि किए जाने से वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई वाहन चालकों ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए यह बढ़ोतरी एक और बड़ा झटका है। लोगों का कहना है कि ईंधन की कीमतें बढ़ने का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ता है, क्योंकि परिवहन महंगा होने से खाद्य पदार्थों, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं।
कार चालक प्रशांत ने कहा कि हर महीने पेट्रोल पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है और नौकरीपेशा लोगों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं सीएनजी वाहन चालकों ने भी सरकार और कंपनियों से राहत देने की मांग की है। ऑटो चालक राशिद अली ने बताया कि सीएनजी के दाम बढ़ने से उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किराया बढ़ाने पर यात्रियों से विवाद होता है और किराया न बढ़ाने पर बचत बेहद कम रह जाती है।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार सुबह से कई ग्राहक बढ़े हुए दामों को लेकर जानकारी लेते नजर आए। ट्रक चालक रुपेश ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव पूरे बाजार और आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। परिवहन लागत बढ़ने से बाजार में वस्तुओं के दाम बढ़ने की संभावना भी बढ़ जाती है, जिससे महंगाई और तेज हो सकती है।
ग्रेटर नोएडा के लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी आम आदमी की आर्थिक परेशानियों को और बढ़ाने वाली साबित होगी।


