उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में पीआरडी महिला पुलिसकर्मी से मोबाइल लूट, बदमाश फरार

Hapur News : जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता रोड स्थित साईं मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाश ई-रिक्शा में सवार पीआरडी महिला पुलिसकर्मी से उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मोबाइल के कवर में उनकी दो हजार रुपये की नकदी भी रखी थी। पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

गांव सिकंदपुर काकौड़ी निवासी शोभा जिला बुलंदशहर के थाना कोतवाली देहात में पीआरडी महिला पुलिसकर्मी के पद पर तैनात हैं। सोमवार की शाम ड्यूटी खत्म कर वह किसी वाहन से कस्बा बाबूगढ़ पहुंची थीं। यहां से वह ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। बछलौता रोड स्थित साईं मंदिर के पास पहुंचने पर बाइक सवार दो बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मी थाने पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button