उत्तर प्रदेशराज्य

Mahananda Express Incident: ब्रेक बाइंडिंग से उठा धुआं, दादरी स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन

Mahananda Express Incident: ब्रेक बाइंडिंग से उठा धुआं, दादरी स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन

ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार सुबह महानंदा एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन के एक कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण अचानक धुआं उठने लगा। यह घटना मारीपत रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग घबराकर शोर मचाने लगे।

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस दिल्ली से अलीपुर द्वार की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन मारीपत स्टेशन के पास पहुंची, इंजन के पीछे वाले एक कोच के पहिए के पास से धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख रेलवे कर्मचारियों को तुरंत सूचना दी गई।

इसके बाद ट्रेन को दादरी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया, जहां यात्रियों को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया। मौके पर पहुंची रेलवे टीम ने देखा कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण पहिए के पास गर्मी बढ़ने से धुआं निकल रहा था।

रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कोच की जांच की और ब्रेक सिस्टम को ठीक किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद यात्रियों को समझाकर दोबारा ट्रेन में बैठाया गया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

स्टेशन अधीक्षक हेमंत मीणा ने बताया कि यह तकनीकी समस्या ब्रेक जाम होने के कारण उत्पन्न हुई थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं हुआ।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्रेक सिस्टम में यह खराबी कैसे आई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button