राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : यूपीआई साउंडबॉक्स ठीक कराने के बहाने दुकानदार से एक लाख की ठगी

Hapur News : जिले में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है और आम लोग उनके निशाने पर आ रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के हर्ष विहार, चमरी रोड का है, जहां दुकानदार सुशील कुमार को यूपीआई साउंडबॉक्स ठीक कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक लाख रुपये की ठगी कर ली।

पीड़ित सुशील कुमार ने दी तहरीर में बताया कि 15 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को यूपीआई साउंडबॉक्स का सर्विस टेक्नीशियन बताते हुए कहा कि उनका साउंडबॉक्स सही से काम नहीं कर रहा है और वह इसे ठीक कराने में मदद करेगा।

आरोपी ने साउंडबॉक्स की जांच के बहाने सुशील कुमार से उनका यूपीआई ऐप खुलवाया और एक-एक रुपये के तीन छोटे ट्रांजेक्शन करने के लिए कहा। जब ये ट्रांजेक्शन सफल नहीं हुए तो आरोपी ने चालाकी से उनके मोबाइल के साथ छेड़छाड़ की और कुछ ही देर में दो बार में 50-50 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख रुपये उनके खाते से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

कुछ समय बाद जब सुशील कुमार ने अपने बैंक खाते की जांच की तो उन्हें एक लाख रुपये गायब मिले, जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर थाना हापुड़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button