राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई रोडवेज बस, 12 घायल

Hapur News : हापुड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर थाना देहात क्षेत्र में मंसूरपुर कट के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब अचानक ट्रक के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही उत्तराखंड डिपो की बस उसमें जा टकराई। इस दुर्घटना में बस चालक समेत करीब 12 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार बस दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मंसूरपुर कट के पास पहुंची, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

घायलों में बस चालक सोनू शर्मा के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी है। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू कराया। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना सामने आया है।

Related Articles

Back to top button