Greater Noida Fire: जुनेदपुर में भीषण आग, किसानों का लाखों का चारा और सामान जलकर राख

Greater Noida Fire: जुनेदपुर में भीषण आग, किसानों का लाखों का चारा और सामान जलकर राख
नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित जुनेदपुर गांव में शुक्रवार को भीषण आग लगने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आग इतनी तेजी से फैली कि खेतों में रखा पशुओं का चारा और कृषि से जुड़ा सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया, जिससे कई परिवारों की मेहनत पर पानी फिर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के किसान संदीप बिधूड़ी, संजू बिधूड़ी, सुशील, सुरेंद्र शर्मा और देवेंद्र नागर सहित कई लोगों ने गेहूं की फसल के अवशेष को पशुओं के चारे के रूप में खेतों में इकट्ठा कर रखा था। अचानक अज्ञात कारणों से इन चारे के ढेरों में आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटें और तेज हवा ने हालात को और गंभीर बना दिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
आग की चपेट में आकर खेतों में रखा अधिकांश चारा पूरी तरह जल गया। इसके अलावा कई किसानों के बोंगे और बिटोरे भी राख हो गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया। इस घटना के बाद किसानों के सामने पशुओं के लिए चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि इस हादसे ने उन्हें आर्थिक रूप से गहरा झटका दिया है और वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।





