ESIC Medical College Protest: अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों का धरना, सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल

ESIC Medical College Protest: अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों का धरना, सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल
नोएडा: सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन किया। नाराज छात्र हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर डीन के कार्यालय के बाहर बैठ गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है। कई बार प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि प्रयोगशालाओं में पढ़ाई के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनकी प्रैक्टिकल शिक्षा प्रभावित हो रही है। इसके अलावा लेक्चर रूम में कूलर और पंखे जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे गर्मी के मौसम में पढ़ाई करना बेहद कठिन हो रहा है।
छात्रों ने यह भी सवाल उठाया कि जब उनसे पूरी फीस ली जा रही है तो उन्हें मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रहीं। साथ ही हॉस्टल और कैंटीन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को भी बेहद खराब बताया गया है।
इस मामले में कॉलेज की डीन डॉ. हरनाम कौर ने सफाई देते हुए कहा कि एमबीबीएस के 50 छात्रों का पहला बैच हाल ही में शुरू हुआ है, इसलिए नई व्यवस्थाओं को स्थापित करने में समय लग रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए काम शुरू कर दिया गया है।
डीन के अनुसार, एसी की व्यवस्था को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल वार्ड में स्थित एक टीचिंग कक्ष में एसी की सुविधा उपलब्ध है और अन्य कक्षों में व्यवस्था होने तक पढ़ाई वहीं कराई जाएगी।
फिलहाल छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन जारी रख सकते हैं।





