Greater Noida Lift Issue: 13 घंटे लिफ्ट बंद रहने से मची परेशानी, 19वीं मंजिल तक पैदल चढ़े निवासी

Greater Noida Lift Issue: 13 घंटे लिफ्ट बंद रहने से मची परेशानी, 19वीं मंजिल तक पैदल चढ़े निवासी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विक्ट्री वन सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने से निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक टावर में करीब 13 घंटे तक लिफ्ट बंद रहने के कारण लोगों को 19वीं मंजिल तक सीढ़ियों के सहारे आना-जाना पड़ा, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे टावर की लिफ्ट अचानक खराब हो गई। पहले से ही कई टावरों में दो में से केवल एक लिफ्ट ही चल रही थी, ऐसे में जब वह भी बंद हो गई तो पूरी व्यवस्था ठप हो गई। निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पूरी रात लिफ्ट ठीक नहीं की गई और शनिवार सुबह तक भी समस्या बनी रही।
इस वजह से बच्चों को स्कूल जाने और लोगों को ऑफिस पहुंचने में काफी परेशानी हुई। कई लोगों को भारी सामान के साथ सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा। निवासियों ने आरोप लगाया कि सोसाइटी में लिफ्ट की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
निवासी प्रशांत ने बताया कि कई बार सभी टावरों में दोनों लिफ्टों को चालू रखने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं इस मामले में मेंटेनेंस इंचार्ज हरिकिशन का कहना है कि लिफ्ट के गेट पर किसी निवासी द्वारा जोर से लात मारने से डोर ड्राइव खराब हो गया था, जिसके चलते लिफ्ट बंद हो गई।
हालांकि, मेंटेनेंस टीम का दावा है कि अब खराबी को ठीक कर लिया गया है, लेकिन इस घटना ने सोसाइटी की मेंटेनेंस व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार इस तरह की समस्याएं सामने आने से निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे




