राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल चौपट, विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने सीएम से मानकों में ढील की मांग की

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान आर्थिक संकट की आशंका से जूझ रहे हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गेहूं खरीद के गुणवत्ता मानकों में शिथिलता देने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। बारिश की वजह से गेहूं की चमक फीकी पड़ गई है और दाने सिकुड़ गए हैं, जिससे फसल सरकारी क्रय केंद्रों के निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतर पा रही है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है, जिन्हें अपनी उपज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा मानकों में ढील नहीं दी गई तो किसानों को मजबूरन अपनी फसल कम कीमत पर बेचनी पड़ेगी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अन्नदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीद प्रक्रिया में गुणवत्ता मानकों में एकसमान छूट दी जाए, ताकि किसान अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच सकें और उन्हें राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button