राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में लग्जरी कारों से खतरनाक स्टंट, 28 हजार का चालान

Hapur News : हापुड़ की सड़कों पर स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को गढ़ क्षेत्र में दो लग्जरी कारों में सवार युवकों ने खुलेआम खतरनाक स्टंट कर दहशत फैला दी। तेज रफ्तार के बीच युवक कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाते नजर आए, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि किसी राहगीर ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैलते ही लोगों में आक्रोश देखने को मिला। वायरल वीडियो को दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से जुड़े गढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मामले का संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें दो कारों से स्टंटबाजी और हुड़दंग की पुष्टि हुई। कार्रवाई करते हुए एक कार चालक पर 12 हजार रुपये और दूसरी कार चालक पर 16 हजार रुपये का चालान काटा गया। इस तरह कुल 28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि कुछ युवक नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। चलती कार से बाहर निकलकर स्टंट करना गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए चालान जारी कर दिए गए।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सड़कों पर जिम्मेदारी से वाहन चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सड़कों पर सुरक्षा सर्वोपरि है। इस तरह की स्टंटबाजी न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित करती है बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती है। हाल के दिनों में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button