Noida Cyber Fraud: एमबीए पास युवक से निवेश के नाम पर 91 लाख की ठगी, फर्जी ऐप से बनाया शिकार

Noida Cyber Fraud: एमबीए पास युवक से निवेश के नाम पर 91 लाख की ठगी, फर्जी ऐप से बनाया शिकार
उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक एमबीए पास युवक से ऑनलाइन निवेश और आईपीओ ट्रेडिंग के नाम पर करीब 91 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। साइबर अपराधियों ने फर्जी ऐप और नकली निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए उसे लंबे समय तक फंसाए रखा।
यह मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी अक्षत सिंह से जुड़ा है, जो एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम जॉब करते हैं। पीड़ित के मोबाइल पर 1 मार्च को एक लिंक भेजा गया, जिसमें एक ऐप डाउनलोड करने को कहा गया। यह ऐप शेयर बाजार और आईपीओ निवेश के नाम पर प्रचारित किया गया था।
इसके बाद ठगों ने खुद को मार्क सिक्योरिटीज लिमिटेड का कर्मचारी बताया और दावा किया कि कंपनी सेबी से रजिस्टर्ड है। ठगों ने “डॉ. राजीव सिंह”, “खुशी गोयल” और “मीनाक्षी” जैसे नामों से लगातार संपर्क कर भरोसा जीत लिया।
शुरुआत में पीड़ित ने 50 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उसे नकली मुनाफा दिखाया गया। इससे उसका विश्वास बढ़ गया और 5 से 12 मार्च के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन में उसने करीब 51.5 लाख रुपये और निवेश कर दिए। ऐप पर लगातार बढ़ता हुआ प्रॉफिट दिखाकर उसे भ्रमित किया जाता रहा।
27 मार्च को उसे बताया गया कि वह अपने शेयर बेच सकता है, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो कहा गया कि राशि अगले दिन खाते में आएगी। इसके बाद 30 मार्च को “मीनाक्षी” नाम की महिला ने 5.75 लाख रुपये “कैपिटल गेन टैक्स” के नाम पर जमा करने को कहा, जिससे युवक को शक हुआ।
जांच करने पर पता चला कि टैक्स से जुड़ी जानकारी और लिंक फर्जी हैं, जिसके बाद उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। पीड़ित के अनुसार कुल 91,78,155 रुपये की ठगी हुई है।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जांच की जा रही है। आशंका है कि यह रकम किराए पर लिए गए फर्जी खातों में घुमाई गई है।
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी निवेश ऐप को केवल आधिकारिक स्रोत से ही डाउनलोड करें और ज्यादा रिटर्न के लालच में न आएं। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करने से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
नोएडा और आसपास के इलाकों में ऑनलाइन निवेश ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।




