Noida Child Trafficking Case: बच्ची बेचने के आरोप में दो और गिरफ्तार, अस्पताल सीज

Noida Child Trafficking Case: बच्ची बेचने के आरोप में दो और गिरफ्तार, अस्पताल सीज
नोएडा के ग्रेटर नोएडा स्थित बिसरख क्षेत्र में बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर अवैध वसूली और मानव तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक निजी अस्पताल की नर्स और उसका प्रेमी शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि संबंधित अस्पताल को सीज कर दिया गया है।
एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार के अनुसार, 21 मार्च 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन के जरिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) थाने को सूचना मिली थी कि बिसरख क्षेत्र के एक निजी अस्पताल का कर्मचारी बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर 2.60 लाख रुपये की मांग कर रहा है। सूचना मिलते ही एएचटी और बिसरख पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की और मामले की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मंगलवार को अरुण कुमार (25), निवासी बिसरख और अस्पताल की नर्स पुष्पा रानी (26), निवासी औरंगाबाद (मथुरा) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी इस अवैध नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे थे और बच्ची को बेचने की पूरी साजिश में शामिल थे। इससे पहले रविवार को इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद और असहाय लोगों को निशाना बनाकर उन्हें बच्चा गोद दिलाने का झांसा देते थे और इसके बदले मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।
इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया है और उसे सीज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




