Noida Crime: वरिष्ठ अधिकारी से मारपीट और लूट, कंपनी कर्मचारी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Noida Crime: वरिष्ठ अधिकारी से मारपीट और लूट, कंपनी कर्मचारी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
Noida के सेक्टर-136 स्थित एक ऑनलाइन कोचिंग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य आरोपी कंपनी का ही कर्मचारी निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची।
डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, 18 मार्च को कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत चन्द्र मोहन सारस्वत ने अपने दो-तीन साथियों के साथ मिलकर वरिष्ठ अधिकारी को निशाना बनाया। आरोपी ने सेक्टर-136 स्थित पार्किंग एरिया में मौजूद अधिकारी को जबरदस्ती उनकी कार से बाहर निकाला और अपनी कार में बैठा लिया।
इसके बाद आरोपियों ने अधिकारी के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की और उन्हें धमकाकर ऑनलाइन 60 हजार रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ित की कार में रखे 2 लाख 47 हजार रुपये नकद भी लूटकर फरार हो गए। बाद में इस रकम को भी अपने बैंक खाते में जमा कर दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने 19 मार्च को थाना फेस-2 में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाया और सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास से चन्द्र मोहन सारस्वत और उसके साथी हनी बैसला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49,400 रुपये नकद, पीड़ित का आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की है। साथ ही साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बैंक खाते में जमा 2 लाख 57 हजार 600 रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया गया है, ताकि पीड़ित की रकम सुरक्षित रह सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चन्द्र मोहन कंपनी में काम करने के कारण अधिकारी की गतिविधियों और दिनचर्या से पूरी तरह परिचित था, जिसका फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।





