उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, युवा और महिला शक्ति को मिला प्रमुख स्थान

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी और जनपद के नामित सभासदों के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला अध्यक्ष विकास चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें विधायक देवेंद्र लोधी, प्रदीप चौधरी, सीपी सिंह, मीनाक्षी सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष अंतुल तेवतिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष विकास चौहान और अन्य अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पटका पहनाकर, फूल-मालाएं भेंट कर और नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायतों के नवनियुक्त सभासदों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
नई जिला कार्यकारिणी में मलखान सिंह, भवतोष गुर्जर, दिवाकर सिंह, लोकेन्द्र चौधरी, हितेश गर्ग, रीता लोधी, कुलदीप चौधरी और पवन लोधी को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि संतोष वाल्मीकि, दीपक दुलेरा और नीरज चौधरी को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौरव मित्तल, पुष्कर सिंह, ऋषभ पंडित, दिव्यांश त्यागी, मधुर चौहान, संतोष राजपूत, मोहित मावी और दामिनी गौड़ को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। अनिल गोयल को जिला कोषाध्यक्ष और सचिन शर्मा को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां समर्पण, संघर्ष और सेवा भाव को सर्वोपरि रखा जाता है। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी का गठन 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिसमें जुझारू, कर्मठ और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकारिणी में सामाजिक और जातीय संतुलन के साथ युवा ऊर्जा, अनुभवी नेतृत्व और महिला शक्ति का समन्वय सुनिश्चित किया गया है, जिससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी। यह टीम पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के नवनियुक्त सभासदों को भी शुभकामनाएं दीं और उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित रहने तथा विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, राजबाला सैनी, पूर्व जिला महामंत्री अजय त्यागी, नागेंद्र प्रधान, शरद त्रिवेदी, ऊषा बंसल, कमल मकवाना, राजीव बंसल और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।




