उत्तर प्रदेश : कृष्णाश्रय गुरुकुल में मेगा जॉब फेयर, 440 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

Mathura News : मथुरा के गोवर्धन-जतीपुरा रोड स्थित कृष्णाश्रय गुरुकुल (SEDI) इस्कॉन रिट्रीट सेंटर में रोजगार परामर्श शिविर एवं मेगा जॉब फेयर का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 400 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर हासिल किए। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस आयोजन में युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला रोजगार अधिकारी वृंदावन की श्रीमती सुगंधा जैन, श्रीराम फाइनेंस के उप प्रबंधक श्री केशव कैप्रियो तथा आजी केयर प्राइवेट लिमिटेड के प्रोग्राम हेड श्री संतोष काले द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सुगंधा जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
मेगा जॉब फेयर में श्रीराम फाइनेंस, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, टाटा कैपिटल, आजी केयर प्राइवेट लिमिटेड मुंबई, अन्नपूर्णा फाइनेंस, आई प्रोसेस लिमिटेड, केयर ऑक्सी, शाइन एंड स्टैंडर्ड, रेंटोकिल पीसीआई, टेलीपरफॉर्मेंस, वॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, वीविंग्स मैनपावर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, मिन्डा, बिग ट्री और टैलेंट अप सहित 16 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया, जहां साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इस दौरान कुल 446 से अधिक साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनमें से बड़ी संख्या में युवाओं का मौके पर ही चयन हुआ। खास बात यह रही कि आजी केयर प्राइवेट लिमिटेड मुंबई द्वारा 40 हजार रुपये तक का उच्चतम वेतन पैकेज, जिसमें रहने और खाने की सुविधा भी शामिल है, प्रदान किया गया।
कृष्णाश्रय गुरुकुल (SEDI) की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी और तब से यह संस्थान युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। संस्थान में वर्तमान में अकाउंट असिस्टेंट, बैंकिंग एवं फाइनेंस, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, पेंटिंग एवं फाइन आर्ट्स, मोबाइल रिपेयरिंग और गेस्ट सर्विस एसोसिएट जैसे कई कोर्स संचालित किए जा रहे हैं और अब तक 1977 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने इसे अपने करियर के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की। अंत में संस्थान ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे रोजगारपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।




