उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Cyber Crime: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर महिला से 8.52 लाख की ठगी

Noida Cyber Crime: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर महिला से 8.52 लाख की ठगी

नोएडा में साइबर अपराध का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपराधियों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर एक महिला से 8 लाख 52 हजार रुपये ठग लिए। सेक्टर-34 निवासी पीड़िता ने इस मामले में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, 12 फरवरी को उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को गौतम बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है और इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने महिला को डराया कि अब उनकी भी गिरफ्तारी हो सकती है।

इसके बाद आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी बताया और स्क्रीन पर अदालत जैसा माहौल दिखाकर महिला को विश्वास में लिया। उसने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और अगर उन्होंने सहयोग नहीं किया तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। डर के माहौल में महिला पूरी तरह झांसे में आ गई।

आरोपी ने जांच के नाम पर महिला से उनके बैंक खातों की जानकारी ली और कहा कि वेरिफिकेशन के लिए उन्हें अपनी रकम एक दूसरे खाते में ट्रांसफर करनी होगी। उसने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद पैसे वापस कर दिए जाएंगे। महिला ने डर के कारण 13 फरवरी को अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 8.52 लाख रुपये आरोपी के बताए खाते में भेज दिए।

जब महिला ने बाद में अपने पैसे वापस मांगने के लिए संपर्क किया तो आरोपी ने कॉल उठाना बंद कर दिया। तब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर उन बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी धमकियों से सतर्क रहें और बिना पुष्टि के किसी को पैसे ट्रांसफर न करें।

Related Articles

Back to top button