Noida Crime: किराए के विवाद में ई-रिक्शा चालक पर हमला, दरोगा आकाश ने दौड़ाकर दबोचा आरोपी

Noida Crime: किराए के विवाद में ई-रिक्शा चालक पर हमला, दरोगा आकाश ने दौड़ाकर दबोचा आरोपी
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा के सेक्टर 12/22 इलाके में किराए के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक दबंग युवक द्वारा ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने किराए को लेकर हुए विवाद में ई-रिक्शा चालक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी को मौके से भागने से पहले ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत तब हुई जब एक ई-रिक्शा चालक एक युवक को लेकर सीधे सेक्टर 12/22 पुलिस चौकी पहुंचा। चालक ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसने युवक को सफर करवाया था, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने के बाद युवक ने किराए के मात्र 10 रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही विवाद अचानक बढ़ गया। युवक ने गुस्से में आकर अपना आपा खो दिया और ई-रिक्शा चालक पर हमला कर दिया। आरोपी ने चालक को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसका चेहरा लहूलुहान हो गया। पुलिस चौकी के सामने हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
हमला करने के बाद आरोपी युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान चौकी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर आकाश सिंह ने तुरंत स्थिति को संभाला। उन्होंने बिना देर किए आरोपी का पीछा शुरू कर दिया और करीब 500 मीटर तक दौड़कर उसे पकड़ लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी भागने में सफल नहीं हो सका और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में घायल हुए ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सब-इंस्पेक्टर आकाश सिंह की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सतर्कता के कारण आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया, जिससे कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।




