राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : ऊर्जा निगम के फर्जी कर्मचारी बनकर वसूली करने वाले दो युवक पकड़े, तीसरे की तलाश

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना सिंभावली क्षेत्र के कस्बे में ऊर्जा निगम के कर्मचारी बनकर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। तीन युवक घरों और दुकानों पर पहुंचकर बिजली मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी का डर दिखाते हुए मकान मालिकों और दुकानदारों से रुपये मांग रहे थे। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उपखंड अधिकारी रमेश कुमार ने शनिवार को बताया कि कस्बे के हरोड़ा मोड़ क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने फोन कर सूचना दी थी कि तीन युवक ऊर्जा निगम के कर्मचारी बनकर घरों और दुकानों पर जा रहे हैं। वहां वे बिजली मीटरों की सील तोड़कर उनमें छेड़छाड़ कर रहे हैं और बिजली चोरी का भय दिखाकर उपभोक्ताओं से अवैध धनराशि की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी रमेश कुमार और अवर अभियंता रजनीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पकड़े गए युवकों की पहचान जिला बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के खुजावास गांव निवासी आकाश पुत्र श्रीपाल और थाना गुलावठी क्षेत्र के बराल गांव निवासी हर्ष पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई। उनका एक साथी नितिन मौके से फरार हो गया। टीम को तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध स्मार्ट विद्युत मीटर और मीटर सीलिंग बुक भी बरामद हुई। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी फर्जी तरीके से विद्युत विभाग का कर्मचारी बनकर उपभोक्ताओं के मीटरों से छेड़छाड़ कर अवैध धन उगाही करने का प्रयास कर रहे थे।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने इस संबंध में थाना सिंभावली में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि अवर अभियंता रजनीश कुमार की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आकाश और हर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button