Cyber Fraud Bust: ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो नाइजीरियन गिरफ्तार

Cyber Fraud Bust: ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो नाइजीरियन गिरफ्तार
नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर की साइबर क्राइम टीम ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह ‘सोलर स्पाइडर’ नामक साइबर थ्रेट एक्टर से जुड़ा हुआ है, जो को-ऑपरेटिव बैंकों की सुरक्षा प्रणाली में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठाकर करोड़ों रुपये की ठगी की साजिश रच रहा था।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन को थाना साइबर क्राइम, थाना नॉलेज पार्क और मेरठ जोन की साइबर कमांडो टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि ‘सोलर स्पाइडर’ से जुड़ा एक साइबर मॉड्यूल पिछले सप्ताह से सक्रिय है और बड़े स्तर पर बैंकिंग सिस्टम को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने गुप्त तरीके से निगरानी शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।
जांच के दौरान सामने आया कि यह साइबर गिरोह कुछ को-ऑपरेटिव बैंकों की साइबर सुरक्षा में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठाकर बड़ी रकम ट्रांसफर करने की योजना बना रहा था। आरोपियों की योजना थी कि लक्षित बैंकों से करीब 60 से 80 करोड़ रुपये तक की राशि अवैध रूप से विभिन्न म्यूल खातों में ट्रांसफर की जाए और बाद में इस पैसे को क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेश भेज दिया जाए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 7 से 8 मार्च के सप्ताहांत के दौरान गुजरात के एक को-ऑपरेटिव बैंक से करीब सात करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ट्रांसफर भी कर लिए थे। आरोपी जानबूझकर सप्ताहांत के दिनों को चुनते थे, क्योंकि उस समय बैंक बंद रहते हैं और धोखाधड़ी का पता चलने में देर लगती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम ने तुरंत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और संबंधित बैंकों को सूचना दी। समय रहते चेतावनी मिलने के कारण आगे होने वाले कई करोड़ रुपये के संभावित साइबर फ्रॉड को रोका जा सका।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इनके तार नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका में सक्रिय साइबर गिरोहों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी ‘सोलर स्पाइडर’ नेटवर्क से जुड़े एक अन्य मॉड्यूल को वर्ष 2025 में भी गौतम बुद्ध नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





