उत्तर प्रदेश : हापुड़ में सड़ी-गली अवस्था में मिला अज्ञात महिला का शव

Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के फूलहड़ी गांव में एक ईंख के खेत में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खेत पर काम कर रहे मजदूरों ने सबसे पहले शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर गांव में तेजी से फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, शव लगभग 7-8 दिन पुराना प्रतीत होता है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के थानों से भी जानकारी जुटा रही है और महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है।





